रायपुर। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार इस खरीफ खरीदी सीजन 2022-23 में किसानों से न्यूनतन समर्थित मूल्य पर दलहन की खरीदी करेगी। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मार्कफेड के जरिए सरकार अरहर उड़द और मूंग की खरीद करेगी। सरकार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ सरकार अक्टूबर से मई 2023 तक एमएसपी में किसानों से दाल खरीदेगी।
इस खरीफ खरीदी सीजन में सरकार किसानों से अरहर और उड़द 6,600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जाएगी, वहीं, मूंग की खरीद 7,755 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। गौरतलब है कि उड़द एवं मूंग की खरीद 17 अक्टूबर 2022 से 16 दिसंबर 2022 तक और अरहर की खरीद 13 मार्च 2023 से 12 मई 2023 तक की अवधि में किया जाएगा।

सरकार ने दलहन की खरीद के लिए इस बार खास नियम बनाए हैं। इसके लिए पहले किसानों को रजिस्ट्रेशन कराना होगा। पहली बार सरकार गोदाम एवं भंडारण की सुविधा वाली 25 कृषि मंडियों में दाल खरीदेगी। इस बाबत कृषि विभाग ने राज्य में खरीदी के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। खरीदी केन्द्र पर जरूरी भौतिक संसाधनों, उपकरणों और मानव संसाधन का इंतजाम छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मार्कफेड करेगी।

कृषि विभाग ने न्यूनतन समर्थित मूल्य पर अरहर, उड़द और मूंग की खरीद के लिए जिन 25 मंडियो को चिन्हित किया है उनमें भाटापारा, गरियाबंद, महासमुन्द, बसना, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, खैरागढ़ डोंगरगढ़, गंडई, कवर्धा, पण्डरिया, मुंगेली, लोरमी, सक्ती, रायगढ़, अंबिकापुर, सूरजपुर, रामानुजगंज, जशपुर, कोण्डागांव, केशकाल, नारायणपुर, सम्बलपुर, पखांजूर कृषि मंडी शामिल हैं।