नई दिल्ली (एजेंसी)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे देश में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। तेज बारिश से जहां दिल्ली वालों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है लेकिन उनको जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में बारिश ने पिछले 12 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वहीं मुंबई में भी कई सड़कें डूब गईं और यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। इसके अलावा गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी लोग भारी बारिश से परेशान हैं। कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। वहीं मौसम विभाग ने बुधवार को बड़ी जानकारी देते हुए कहा कि सितंबर में देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। अगस्त में सामान्य से 24 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली में भारी बारिश से जलभराव, यातायात बाधित
दिल्ली में बुधवार को सुबह भारी बारिश होने से निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया और शहर के कई हिस्सों में यातायात बाधित हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक, बीते 24 घंटों में 112.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जो 12 वर्षों में सबसे अधिक है।
महाराष्ट्र के कई शहरों में बुरा हाल
महाराष्ट्र में मानसून ने एक बार फिर से जोरदार दस्तक दी है। जिससे औरंगाबाद-कन्नड़-जलगांव का व्यापार मार्ग पूरी तरह से ठप हो गया है। सूबे के मराठवाड़ा से लेकर उत्तर महाराष्ट्र सहित कोंकण व मुंबई में भी बारिश शुरू हो गई है जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। जलगांव में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। अधिकतर इलाके जलमग्न हैं और आम जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है।
