भिलाई। प्रदेश में धान खरीदी के बीच भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी देवी द्वारा केन्द्र सरकार से प्रदेश सरकार को 9 हजार करोड़ की राशि दिए जाने की बात कही है। वहीं प्रदेश में बारदानों की कमी को लेकर भाजपा नेता प्रदेश सरकार के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। इस बीच बुधवार को प्रदेश के सभी जिला प्रभारियों द्वारा प्रेस वार्ता के माध्यम से धान खरीदी की वस्तुस्थिति से अवगत कराया। बेमेतरा जिला प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव जितेन्द्र साहू ने बेमेतरा में प्रेसवार्ता ली। इस मौके पर उन्होंने भाजपा नेताओं के बयानों को झूठा कहते हुए कहा कि धान खरीदी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है। जितेन्द्र साहू ने कहा कि 9000 करोड़ रुपए की जो बात हो रही है वह भाजपा द्वारा फैलाया गया भ्र्रम है राज्य सरकार को ऐसी कोई राशि प्राप्त नहीं हुई है यदि मिला है तो भाजपा के नेता उसकी जानकारी सार्वजनिक करें।
जितेन्द्र साहू ने कहा कि धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जो नीति बनाई है उसके तहत प्रदेश भर में धानखरीदी की स्थिति बेहतर है। धान खरीदी के मामले में राज्य सरकार केंद्र सरकार की एजेंसी के रूप में कार्य करती है इसके तहत केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन करते हैं एफसीआई के तहत धान का उठाव और बारदानों की खरीदी होती है। केंद्र सरकार के असहयोग आत्मक रवैया के कारण प्रदेश में यह स्थिति निर्मित हुई है। समितियों में यदि बारदानों की कमी हो रही है तो इसके लिए केन्द्र सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है।
जितेन्द्र साहू ने कहा कि राज्य सरकार नगद राशि देकर बारदानों की खरीदी कर रही है और हर कीमत पर किसानों का धान खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। बारदानों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार गलत बयान बाजी कर रहे हैं जबकि सच्चाई यह नहीं है बारदानों की कमी को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है इसमें कहीं से भी राज्य सरकार जिम्मेदार नहीं है इसके विपरीत राज्य सरकार ने किसानों से 90 लाख मैट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा है और उस लक्ष्य को हम प्राप्त कर रहे हैं। 1 जनवरी की स्थिति तक हम 54 लाख मैट्रिक टन की धान खरीदी कर चुके हैं और यह खरीदी आगे भी जारी है।
जितेन्द्र साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के सांसद हैं यह कभी मोदी सरकार से किसानों के हित के लिए मांग नहीं करते। धान का उठाव हो या बारदानों की कमी को पूरा करने के संबंध में किसी तरह की बात नहीं करते। भाजपा नेता प्रदेश सरकार की राजीव गांधी किसान योजना गोधन न्याय योजना को लेकर सवाल खड़े करते हैं। जितनी भी योजनाएं हमने किसानों के हितों के लिए लाई हैं उससे भारतीय जनता पार्टी के नेता परेशान हैं और अनर्गल बयानबाजी करते हैं। कृषि कानूनों को लेकर दिल्ली में किसान आंदोलन कर रहे हैं वहीं केंद्र सरकार आंखें बंद कर बैठी है। छत्तीसगढ़ का किसान भी केंद्र सरकार के लाए गए कृषि कानूनों का विरोध करता है और हम भी विरोध आंदोलन में शामिल होकर केंद्र सरकार से मांग करेंगे कि वह तीनों कानून वापस लें।
बेमेतरा जिला प्रभारी व प्रदेश कांग्रेस महासचिव जितेन्द्र साहू ने कहा- धान खरीदी को लेकर भ्रम फैला रहे भाजपा के नेता




