भिलाई। प्रियदर्शनी परिसर सुपेला स्थित आश्रय स्थल से असहाय और गरीब लोगों को फायदा मिल रहा है। यहां असहाय महिला, बच्चे और, बुजुर्ग रह रहे हैं। उन्हें निगम प्रशासन की ओर से रहने, खाने से लेकर मनोजरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। यहां बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है। इसके लिए महिला समूह और एक गार्ड की जिम्मेदारी तय की गई है।
आश्रय स्थल की देखरेख करने वाली संगम क्षेत्र स्तरीय समिति की अध्यक्ष रेखा बघेल बताती हैं कि आश्रय स्थल में महिला और पुरूष दोनों रहते हैं। यहां रहने वाले कुछ महिलाओं ने काम करने की इच्छा जाहिर की थी। व्यापारियों से संपर्क करने पर उनकी इच्छा के अनुसार काम भी मिल गया है। काम मिलने से उनके मानसिक स्थिति में बदलाव हुआ है। सुबह काम पर चली जाती है और शाम को आश्रय स्थल लौट आती हैं। टीवी देखकर मनोरंजन करती है। इसके अलावा पर्व के अनुसार उत्सव भी मनाया जाता है। अभी श्रीगणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई है। आयुक्त श्री ऋतुराज रघुवंशी यहां की व्यवस्था को लेकर कई दफा विजिट कर आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दे चुके हैं, जिससे बेहतर व्यवस्था बन पाई है।
दो साल पहले हुआ था लोकार्पण
नगर पालिक निगम प्रशासन ने प्रियदर्शनी परिसर पश्चिम में निर्मित दो मंजिला आश्रय स्थल को दो साल पहले बनवाया है। 3 अक्टूबर 2018 को लोकार्पण के साथ असहाय, बेघर और बुजुर्गों को आश्रय देना प्रारंभ किया था। तब से लेकर यह स्थल सैंकड़ो असहाय लोगों को आश्रय दे चुका है। बुजुर्ग कुछ दिन रहने के बाद अपने घर लौट गया। कुछ लोगों को आश्रय स्थल इतना अच्छा लगा कि वह यहां से अपने घर नहीं जाना चाहते। समिति की अध्यक्ष बघेल का कहना है कि बुजुर्गों का देखभाल करने वाली महिला समिति के सदस्यों ने एक बुजुर्ग को उनके परिवार से मिलवाने का कार्य किया है। फिलहाल यहां 12 बुजुर्ग और 25 महिलाएं रह रही हैं।

निगम प्रशासन उठा रही खर्च
पहले लोग रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड परिसर, चौराहों और फुटपाथ पर खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर होते थे। इस समस्या का हल करते हुए निगम महापौर व भिलाई नगर विधायक श्री देवेन्द्र यादव और उनकी परिषद को राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) के अंतर्गत प्रियदर्शनी परिसर मे दो मंजिला बिल्डिंग का निर्माण करवाया है। संचालन की जिम्मेदारी संगम क्षेत्र स्तरीय समिति को दिया है। जहां समिति की महिलाएं असहाय और बुजुर्गों की देखभाल करती हैं। खाना और उनके इलाज पर होने वाले खर्च की व्यवस्था निगम प्रशासन वहन करती हैं।
जन्मदिन के अवसर पर पहुंची थी राज्यपाल
छत्तीसगढ़ की राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके भी आश्रय स्थल की सराहना कर चुकी हैं। राज्यपाल ने जन्मदिन मनाने के लिए रायपुर से आश्रय स्थल भिलाई पहुंची थी। जहां राज्यपाल ने बुजुर्गों के साथ जन्म दिन मनाया। यहां की व्यवस्था की सराहना भी किया था। विभिन्न समाजसेवी भी यहां पुनीत कार्य के लिए आगे आ रहे हैं! भिलाई के एक व्यापारी ने गरम पानी के लिए गीजर लगवाया है। दुर्ग के एक व्यापारी ने यहां रहने वाले लोगों के लिए मच्छरदानी उपलब्ध कराया है।




