बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दीपावली के खर्चों के लिए चोरी करने पहुंचे दो ग्रेजुएट युवकों ने गांव की एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। दोनों आरोपी देर रात महिला के घर चोरी करने पहुंचे थे, लेकिन महिला के जागने और शोर मचाने पर गला दबाकर मार डाला। हत्या के बाद वारदात को सामान्य मौत दिखाने के लिए आरोपियों ने शव को बिस्तर पर रख दिया और चारों ओर मच्छरदानी लगा दी। इसके बाद वे महिला के गले की चांदी की चेन और टॉप्स लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला रनचिरई थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पाउवारा निवासी पुनवंतीन देशलहरे (70) अपने पुराने मकान में अकेली रहती थीं। उनका परिवार नए घर में शिफ्ट हो चुका था। 7 अक्टूबर की सुबह जब बेटा ओमप्रकाश देशलहरे अपनी मां से मिलने पहुंचा, तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है। दीवार फांदकर जब अंदर पहुंचा तो मां का शव बिस्तर पर पड़ा था। बेटे ने पहले इसे सामान्य मौत समझा लेकिन गांवावालों की नजर कान पर पड़ी जहां से खून बह रहा था। कान के इयररिंग व गले की चेन गायब थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। एफएसएल, फॉरेंसिक और डॉग स्कॉवायड की टीम मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया लूट के इरादे से हत्या किए जाने का मामला सामने आया। जांच के दौरान घर के पीछे की ओर मिट्टी की दीवार का एक हिस्सा गिरा हुआ मिला, जिससे अंदेशा हुआ कि आरोपी वहीं से अंदर आए होंगे। जांच के दौरान पुलिस ने लोकेशन व सेल लॉग खंगाले तो उस दौरान दो युवकों के मोबाइल घटन स्थल के पास एक्टिव मिले। पुलिस ने इसके बाद महिला के पड़ोस में रहने वाले भूपेश चंदेल उर्फ लल्ला (28) और विनोद कुमार दिवाकर उर्फ चोटी (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

भूपेश चंदेल और विनोद दिवाकर से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें दिवाली पर पैसों की जरूरत थी। इसी वजह से लूट की नीयत से दीवार फांदकर दोनों 7 अक्टूबर की रात महिला के घर में घुसे थे। चोरी के लिए सामान ढूंढने के दौरान आवाज से महिला जाग गई। जिसके बाद दोनों ने महिला का मुंह और गला दबाकर हत्या कर दी। इयररिंग्स को कान फाड़कर निकाल लिया। गले में चांदी का चेन था उसे भी लूट लिया। आरोपियों के खुलासे के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।