भिलाई Bhilai. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सुपेला से लेकर चंद्रा मौर्या चौक को कवर करने वाला फ्लाईओवर शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को यातायात डीएसपी सतीश ठाकुर ने ट्रैफिक जवानों की मौजूदगी में फ्लाईओवर की बेरीकेडिंग हटाकर वाहनों का परिवहन शुरू कराया। फ्लाईओवर खुलते ही छोटे-बड़े सभी वाहन दौड़ पड़े। इसके साथ ही शहर के लाखों लोगों को राहत मिलेगी और फ्लाईओवर के नीचे लेन पर लोगों को हैवी ट्रैफिक से भी मुक्ति मिलेगी।
बता दें नेशनल हाइवे अथॉरिटी द्वारा भिलाई फोरलेन पर चार नए फ़्लाईओवर बना रहा है। इनमें से कुम्हारी व सुपेला फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो गया। कुम्हारी फ्लाईओवर पर एक छोर से परिवहन काफी पहले शुरू करा दिया गया था वहीं सुपेला से चंद्रा मौर्या चौक तक का फ्लाईओवर निर्माण पूरा होने के बाद इसकी लोड टेस्टिंग की जा रही है। 31 मार्च तक लोड टेस्ट पूरा कर इसे शुरू करने का प्लान किया गया था लेकिन तय समय टेस्टिंग पूरी नहीं हो पाई। लगभ दो सप्ताह की देरी से फ्लाईओवर को शुरू कर दिया गया है। फ्लाईओवर के शुरू होने के साथ ही भारी वाहनों सहित छोटी गाड़ियां भी फ्लाईओवर से गुजरने लगी हैं।

कलेक्टर ने निगम आयुक्त के साथ किया था निरीक्षण
एक दिन पहले कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा, निगम आयुक्त रोहित व्यास, एसडीएम लक्ष्मण तिवारी व भिलाई निगम महापौर नीरज पाल ने एनएच व ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों के साथ स्पॉट का जायजा लिया। एनएच के अधिकारियों ने बताया कि सुपेला ओवरब्रिज का काम पूर्ण हो चुका है इसके साथ ही लोड टेस्टिंग भी की जा चुकी है अब यह आवागमन के लिए तैयार हो चुका है। शुक्रवार को इसे चालू कर दिया जाएगा।

रायपुर से दुर्ग की ओर पहले खोला
शुक्रवार को सुपेला फ्लाईओवर को एक ओर से पहले शुरू किया गया। यानी रायपुर से दुर्ग की साइड को पहले खोला गया। इसके दो घंटे बाद दुर्ग से रायपुर ओर का फ्लाईओवर भी खोल दिया गया। इस तरह सुपेला फ्लाईओवर के दोनों ओर से आवागमन शुरू कर दिया गया। लिए खोले जाएंगे। फ्लाईओवर पर आवागमन शुरू होने से भिलाई में सुपेला व चंद्रा मौर्या क्षेत्र से ट्रैफिक दबाव कम हो जायेगा वही हजारों यात्री जो एनएच के माध्यम से आवागमन करते हैं उन्हें सहूलियत होगी।
पावर हाउस फ्लाईओवर की प्रगति भी देखी
संयुक्त निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने पावर हाउस ओवरब्रिज के कार्यों का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने काम की प्रोग्रेस जानी और शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान नेशनल हाईवे के बगल की निर्माणाधीन नाली को निर्मित होने तक हादसे रोकने के लिए ढके जाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों से कहा कि ब्रिज के नीचे के सड़कों की मरम्मत भी जल्द कराएं।
आकर्षक लैंडस्केप भी हो रहा तैयार
नेशनल हाईवे के द्वारा फ्लाईओवर के निर्माण के साथ ही इसके नीचे आकर्षक लैंडस्केप भी तैयार की जा रही है। पार्किंग स्पेस दिए जा रहे हैं। हाईवे में कई स्थानों पर वर्टिकल गार्डन के भी निर्माण हो रहे हैं, आने वाले दिनों में भिलाई की तस्वीर बदलने वाली है। जिसके चलते लोगों को धूल मुक्त सड़क के साथ ही आकर्षक नजारा भी मिलेगा। निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से महापौर परिषद के सदस्य एवं राजस्व प्रभारी सीजू एंथोनी, ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर, अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, नेशनल हाईवे के अधिकारी तथा उप अभियंता अभिजीत सोनी के साथ ही अन्य अधिकारी कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।