भिलाई. साल 2022 का आखिरी चंद्र ग्रहण कार्तिक पूर्णिमा के दिन 8 नवंबर को लगेगा। यह ग्रहण दोपहर भारतीय समयानुसार दोपहर बाद 2 बजकर 41 मिनट से शुरू होकर शाम 6 बजकर 2 पर समाप्त होगा। इसका मोक्ष काल 7:25 पर रहेगा। यह चंद्र ग्रहण भारत में चंद्रोदय के साथ शाम 5 बजकर 20 मिनट से दिखाई देगा और चंद्रास्त के साथ शाम 6 बजकर 20 मिनट पर समाप्त होगा। चंद्रग्रहण के कारण इस वर्ष काशी में देव दीपावली एक दिन पहले मनाई जा रही। काशी विद्वत परिषद के विद्वानों, ज्योतिष विद्वान और संतों-महात्माओं से विमर्श के बाद यह निर्णय लिया है। इस बार कार्तिक पूर्णिमा आठ नवंबर को है, लेकिन देव दीपावली सात नवंबर को मनाई जा रही है।
18 साल बाद बनेगा ऐसा संयोग
2022 से पहले सूर्य और चंद्र ग्रहण का ऐसा योग 2012 और उससे पहले 1994 में बना था। 2012 में 13 नवंबर को दिवाली पर सूर्य ग्रहण और 28 नवंबर को देव दिवाली पर चंद्र ग्रहण हुआ था। अब ऐसा संयोग 18 साल बाद बनेगा। 2040 में 4 नवंबर को दिवाली पर आंशिक सूर्य ग्रहण (भारत में नहीं दिखेगा) और 18 नवंबर को देव दिवाली पर पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा, ये ग्रहण भारत में दिखेगा।
कार्तिक पूर्णिमा पर करते हैं दीपदान

कार्तिक मास में हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली का त्योहार मनाया जाता है। इस साल 8 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा है। इसे त्रिपुरोत्सव और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जानते हैं। इस दिन भगवान शिव ने राक्षस त्रिपुरासुर का वध किया था, जिसकी खुशी में इस त्योहार को मनाया जाता है। देव दीपावली के दिन पवित्र नदी में स्नान व दान का विशेष महत्व होता है। देव दीपावली के दिन सूर्यास्त के बाद दीपदान भी किया जाता है।




