मुंबई (एजेंसी)। आईपीएल 2022 के 33वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर हरा दिया। चेन्नई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 17 रन चाहिए थे, जिसे महेंद्र सिंह धोनी और ड्वेन ब्रावो ने मिलकर बना दिया। धोनी ने आखिरी चार गेंदों पर 16 रन बनाए और सीएसके की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आखिरी चार गेंदों पर एक छक्का, दो चौके और दो रन दौड़कर बनाए।
धोनी की इस पारी के बाद सोशल मीडिया पर ट्वीट की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने कहा कि पुराने धोनी की वापसी हो गई है, तो कई यूजर्स ने कहा कि आगे भी धोनी का कमाल देखने को मिल सकता है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने तो धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की मांग कर डाली।
हालांकि, एक ट्वीट ने धोनी, उनके फैन्स, सीएसके के फैन्स और क्रिकेट को पसंद करने वाले लोगों का दिल जीत लिया। यह ट्वीट किया था महिंद्र कंपनी के मालिक आनंद महिंद्रा ने। उन्होंने मैच के बाद लिखा- अब मैं यह कह सकता हूं और इस बात से खुश हूं कि महिंद्रा (Mahindra) में माही (Mahi) (Mahi-ndra) शब्द है। एमएस धोनी ने शानदार फिनिश किया।
मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 155 रन बनाए। मुंबई की ओर से तिलक वर्मा ने सबसे ज्यादा 43 गेंदों पर नाबाद 51 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके दो छक्के लगाए। जवाब में चेन्नई ने 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर सात विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंबाती रायुडू ने 35 गेंदों पर 40 रन की पारी खेली।
इसके अलावा ड्वेन प्रिटोरियस ने 14 गेंदों पर 22 रन की पारी खेल चेन्नई को जीत के करीब ले गए। इसके बाद धोनी ने आखिरी ओवर में कमाल करते हुए चेन्नई को जीत दिलाई। धोनी 13 गेंदों पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे। इसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल है। मैच के बाद सीएसके के कप्तान रवींद्र जडेजा ने धोनी को सलाम किया और उन्हें सम्मान दिया। इस जीत के साथ चेन्नई की टीम प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है।