नई दिल्ली (एजेंसी)। वाइट हाउस के हिंद-प्रशांत क्षेत्र के कोऑर्डिनेटर कर्ट कैंपबेल ने जानकारी दी है कि क्वाड ग्रुप की अगली बैठक 2022 में होगी जिसकी मेजबानी जापान करेगा। यह क्वाड ग्रुप की दूसरी बैठक होगी जिसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के टॉप लीडर आमने-सामने बैठेंगे। हिंद-प्रशांत और उसके बाहर चीन की बढ़ती आक्रामकता के खिलाफ यह चार देशों का गुट है। हालांकि आधिकारिक तौर पर ऐसा नहीं है लेकिन डिफेंस और जियोपॉलिटिकल एक्सपट्र्स और एनालिस्ट्स यही मानते हैं।
कैंपबेल ने जापान में आयोजित होने वाले क्वाड ग्रुप की बैठक में बहुत विस्तार से नहीं बताया है लेकिन जापानी मीडिया रिपोट्र्स की मानें तो यह बैठक 2022 के वसंत की शुरुआती मौसम में आयोजित किया जा सकता है। भारत को लेकर कैंपबेल ने कहा है कि भारत क्वाड ग्रुप का एक महत्वपूर्ण देश है। वाशिंगटन नई दिल्ली के साथ अपने संबंधों को बढ़ाने को लेकर संकल्पित है। मैं भारत को लेकर बहुत आशावादी हूं और मुझे लगता है कि हम सभी यह मानते हैं कि इस ग्रुप में भारत एक बेहद महत्वपूर्ण सदस्य है। उन्होंने आगे कहा है कि भारत 21वीं का प्रमुख खिलाड़ी है। भारत और वियतनाम जैसे देश एशिया के भविष्य की कहानी लिखेंगे।
क्वाड बैठक में ताइवान को लेकर एक अलग सत्र का आयोजन संभव है। अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने जानकारी दी थी कि ताइवान चीन के बढ़ते दबाव का सामना कर रहा है, ऐसे में क्वाड बैठक में ताइवान के साथ आर्थिक वार्ता का एक सत्र आयोजित किया जाएगा।
जापान टाइम्स ने ख़बर दी है कि क्वाड बैठक में भाग लेने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी पहुंचेगे। राष्ट्रपति के तौर पर यह उनकी पहली जापान यात्रा होगी। इसके साथ ही यह भी पहली बार होगा जब जापान ने नए पीएम फुमियो किशिदा क्वाड बैठक में शिरकत करेंगे। बता दें कि क्वाड ग्रुप की पहली व्यक्तिगत समिट इस साल सितंबर में वाशिंगटन द्वारा आयोजित किया गया था। इस बैठक में चारों देशों ने स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर प्रतिबद्धता जताई थी।