इंदौर (एजेंसी)। इंदौर में वेंटिलेटर नहीं मिलने से एक गर्भवती महिला ने दम तोड़ दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महिला का ऑक्सीजन लेवल 40 पर पहुंच गया था। परिजन एक अस्पताल से दूसरे अस्पतालों में वेंटिलेटर के लिए चक्कर लगाते रहे लेकिन वेंटिलेटर नसीब नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि महिला की जान बचाने के लिए प्रदेश समेत कई वरिष्ठ नेताओं से भी संपर्क किया गया । यहां तक कि मुंबई में कोरोना काल में प्रवासी मजूदरों की मदद करने वाले फिल्म अभिनेता सोनू सूद को भी फोन किया गया लेकिन वह भी व्यवस्था नहीं करा पाए।
महिला का ऑक्सीजन लेवल 40 पर था
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार की रात में गर्भवती महिला की तबीयत बिगडऩे लगी। परिजन महिला को लेकर अस्पतालों का चक्कर लगाने लगे। लेकिन कही पर बेड नहीं मिल रहा था। कुछ घंटे बाद नेहरू नगर के एक निजी अस्पताल में महिला को बेड मिला। डॉक्टर ने महिला की हालत देखते हुए तत्काल वेंटिलेटर बेड व्यवस्था करने को कहा । लेकिन कहीं पर आईसीयू बेड खाली नहीं था। महिला का ऑक्सीजन लेवल लगातार गिर रहा था।
किसी नेता की मदद भी नहीं आई काम
महिला के परिजन रात में शहर के कई दिग्गज नेताओं से संपर्क किया लेकिन कही से मदद नहीं मिल रही थी। फिर उसने अपने एक साथी की मदद से मुंबई में रात 1 बजे फोन कर मदद की गुहार लगाई। सोनू सूद ने मदद का भरोसा भी दिया। लेकिन करीब 3 बजे के आसपास गर्भ में पल रहे बच्चे की सांसें चलनी बंद हो गई और थोड़ी देर बाद महिला की भी मौत हो गई। महिला का पति प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी एक पांच साल की बच्ची भी है।
मध्य प्रदेश में कोरोना का कहर
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर कहर बनकर टूट रही है। शनिवार को राज्य में करीब 13 हजार नए मामले सामने आए हैं। जबकि 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में कोरोना कफ्र्यू से कोरोना मरीजों की संख्या में कमी आ रही है।