नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत में कोरोना संक्रमण के रोज नए रिकार्ड बन रहे हैं। पिछले तीन दिनों में भारत में कोरोना की रफ्तार ऐसी रही है जिससे महज तीन दिनों में ही देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 15 लाख से 17 लाख के करीब पहुंच गया है। वहीं पिछले तीन दिनों में 1.60 लाख से ज्यादा पॉजिटिव मरीज सामने आए। हालांकि इस दौरान देशभर से 1.10 से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए हैं। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक की सर्वाधिक संख्या निकली है। इस दौरान 57 हजार से अधिक नए मामले सामने आए।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 57,117 नए मामले सामने आए हैं और 764 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 16,95,988 हो गई है। जिनमें से 5,65,103 सक्रिय मामले हैं, 10,94,374 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 36,511 लोगों की मौत हो चुकी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकडे़े के मुताबिक, देशभर में 31 जुलाई तक कोरोना वायरस के लिए कुल 1,93,58,659 नमूनों का परीक्षण किया गया है। जिनमें से 5,25,689 नमूनों का परीक्षण शुक्रवार को ही किया गया है।
आंध्र प्रदेश देश का तीसरा सबसे प्रभावित राज्य
आंध्र प्रदेश, दिल्ली को पीछे कर देश में कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित तीसरा राज्य बन गया है। आंध्र प्रदेश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को देश में सबसे ज्यादा 10 हजार 376 मामले इसी राज्य में आए। इसके बाद मुंबई में 10 हजार 320 मरीज सामने आए। इससे पहले दिल्ली तीसरे नंबर पर था। यहां 1 लाख 40 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। पिछ्ले तीन दिनों में ही 30 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े।
दिल्ली में आज से फिर सीरो सर्वे शुरू होगा
दिल्ली में सीरो-सर्वे का दूसरा चरण आज से शुरू हो रहा है। यह सर्वे 1 से 5 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिल्ली समेत चार जिलों में 15 हजार सैंपल्स इक_े किए जाएंगे। राज्य सरकार ने इससे पहले सीरो सर्वे 27 जून से 10 जुलाई तक किया था। इस दौरान 20 हजार सैंपल लिए गए थे। दरअसल, सीरो सर्वे के तहत यह पता लगाया जाता है कि किन लोगों में एंटीबॉडीज डेवलप हो रही हैं।