मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमला करने वाले आरोपी को मुंबई पुलिस ने शनिवार देर रात ठाणे से गिरफ्तार कर लिया है। रविवार मुंबई पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खुलासा कर दिया है। आरोपी का नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद (उम्र 30) है। उसके पास पुलिस को कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। 6 माह पहले वह मुंबई आया था और यहां पर उसने अपना नाम विजय दास रख लिया।

पुलिस ने बताया कि वह पहली बार सैफ के अपार्टमेंट में घुसा था। आरोपी चोरी करने के इरादे से एक्टर के घर में घुसा था। उसके पास भारत का कोई वैध दस्तावेज नहीं है। उसके पास से जो चीजें मिली हैं, उसके आधार पर बांग्लादेशी होने का शक है। पुलिस ने ये भी बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर उसकी कस्टडी मांगी जाएगी।
इधर सैफ अली खान पर हमले के मामले में दुर्ग रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक संदिग्ध को पकड़ा गया। दुर्ग आरपीएफ टीआई एसके सिन्हा ने बताया कि मुंबई पुलिस से एक फोटो भेजा गया था। मुंबई पुलिस से इनपुट मिला कि आकाश नाम का यह शख्स दुर्ग की ओर ट्रेन से निकला है। यह नहीं पता था कि किस ट्रेन में हैं। इसके बाद दुर्ग रेलवे स्टेशन पर मुंबई से आने वाली सभी ट्रेनों की तलाशी ली गई। इस दौरान ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे से संदिग्ध को उतारा गया है। इधर मुंबई पुलिस की टीम देर रात दुर्ग पहुंची। मुंबई पुलिस की टीम फ्लाइट से रवाना हुई थी और रात 8 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद देर रात लगभग 11 बजे दुर्ग पहुंची। दुर्ग पहुंचने के बाद मुंबई पुलिस ने संदिग्ध आकाश को हिरासत में लिया। वहीं इस दौरान मुंबई पुलिस के जवान मीडिया के सामने कुछ भी कहने से बचते रहे।
जानिए क्या है पूरा मामला
मुंबई में एक्टर सैफ अली खान पर बुधवार देर रात उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया था। घटना मुंबई के खार स्थित गुरु शरण अपार्टमेंट के 12वें फ्लोर पर बुधवार देर रात करीब 2.30 बजे हुई। इस हमले में एक्टर को गले, पीठ, हाथ और सिर समेत 6 जगह चाकू लगा था। घायल सैफ को रात में ही लीलावती हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सैफ अली खान खतरे से बाहर है।