सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शुक्रवार को जमीन विवाद के कारण तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। दबंगों ने खेती न करने पहुंचे परिवार के साथ विवाद किया और विवाद बाद में हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस दौरान मां-बेटे की मौके पर मौत हो गई और पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अंबिकापुर पहुंचने पर घायल पिता की भी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार जगन्नाथपुर के डूबकापारा में संयुक्त खाते की जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद चल रहा था। विवादित भूमि पर खेती करने उमेश टोप्पो, नरेश टोप्पो अपनी मां बसंती टोप्पो और पिता माघे टोप्पो के साथ पहुंचे थे। दोपहर करीब एक बजे माघे टोप्पो के रिश्ते में भाई के परिवार के छह से सात सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। दूसरे पक्ष ने माघे टोप्पो के परिवार पर टांगी और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में बसंती टोप्पो (55) एवं नरेश टोप्पो (30) की मौके पर मौत हो गई। दोनों मृतकों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, माघे टोप्पो (57) को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी भी मौत हो गई। मौके पर उमेश टोप्पो ने भागकर जान बचाई और ग्रामीणों को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलने पर खड़गवां चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल माघे टोप्पो को इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के लिए रवाना किया। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अंबिकापुर पहुंचने पर घायल माघे टोप्पो की भी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। प्रतापपुर से भी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि विवादित जमीन जगन्नाथपुर कोल माइंस के सामने है। विवादित भूमि पर हमलावरों ने खेती करने से मना किया था। आहत परिवार खेती करने के लिए पहुंच गया तो विवाद हिंसक में बदल गया।