रायपुर। राजधानी रायपुर के सिलियारी क्षेत्र के गोढ़ी गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से खेत में काम कर रही 22 वर्षीय युवती कामिनी साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य महिलाएं घायल हो गईं। सभी महिलाएं खेतों में काम कर रही थीं, जब अचानक मौसम खराब हुआ और बिजली गिर गई। घायल महिलाओं को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धरसीवां थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया।

घटना धरसीवां थाना क्षेत्र के गोढ़ी गांव की है। मृतक युवती की पहचान कामिनी साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कामिनी साहू व गांव की अन्य महिलाएं बुधवार सुबह खेत में काम करने गई थीं। इसी दौरान अचानक बारिश होने लगी। बारिश के साथ वज्रपात होने से कामिनी साहू पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से कामिनी साहू जमीन पर गिर गई और बेहोश हो गई। वहीं छह अन्य महिलाएं भी इस घटना में गंभीर रूप से झुलस गई।
वहीं, घटना के बाद परिजन एवं आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कामिनी सहित अन्य महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। जबकि झुलसी अन्य महिलाओं का इलाज किया जा रहा है।