रायपुर। राजधानी रायपुर में जली कार में युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। माना थाना क्षेत्र के तहत धनेली के पास जली कार मिली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है। कार मिले शव की पहचान चंद्र शेखर सिंह के रूप में हुई है। मृतक रिटायर्ड पुलिस कर्मी का बेटा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

माना पुलिस के अनुसार मृतक के परिजनों से पूछताछ में बताया कि चंद्र शेखर देवपुरी में ट्रांसपोर्ट का काम करता है। परिजनों ने यह भी बताया कि शुक्रवार की रात को 11 बजे के बाद वह घर के निकला था। देवपुरी से निकलने से पहले उसने फोन भी किया था इसके बाद वह घर नहीं लौटा। शनिवार की सुबह उसकी कार जली हालत में मिली। पुलिस को आशंका है कि कार दुर्घटनाग्रस्त हुई और उसके बाद इसमें आग लगी है। संभवत: दुर्घटना के बाद युवक बाहर नहीं निकल पाया और कार में आग लगने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।