स्पोर्ट्स डेस्क/नई दिल्ली (एजेंसी)। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज शॉन मार्श ने घरेलू क्रिकेट और वनडे से संन्यास ले लिया है। वह 22 साल तक पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते थे। 39 साल के मार्श ने 2011 में 17 साल की उम्र में पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के लिए घरेलू क्रिकेट में पदार्पण किया था। वह इस सत्र में खेलना चाहते थे, लेकिन उन्होंने चोट के कारण संन्यास लेने का फैसला किया। मार्श ने कहा कि यह साल मेरे लिए काफी कठिन रहा है।
शॉन मार्श ने घरेलू क्रिकेट में 183 मैचों में 12,032 रन बनाए और 32 शतक लगाने के अलावा 58 अर्धशतक भी जड़े। उन्होंने 73 वनडे मैचों में 2,773 रन सहित सात शतक व 15 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने आईपीएल में भी शानदार प्रदर्शन किया था। मार्श ने 71 मैचों में 40 की औसत से 2477 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 132.7 का रहा।
भारत के खिलाफ कैसा रहा शॉन मार्श का प्रदर्शन?
मार्श ने अपने करियर में 38 टेस्ट मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने 34.31 की औसत से 2265 रन बनाए थे। टेस्ट में शॉन मार्श ने छह शतक और 10 अर्धशतक लगाए। भारत के खिलाफ उन्होंने सर्वाधिक 15 टेस्ट खेले थे। उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। मार्श ने 15 मैचों की 27 पारियों में 22.40 की औसत से 605 रन बनाए थे। उनके बल्ले से पांच अर्धशतक निकले थे। 99 रन मार्श का उच्चतम स्कोर था।
भारत के खिलाफ वनडे मैचों की बात करें तो मार्श ने 14 मुकाबलों में 38.35 की औसत से रन बनाए। मार्श के बल्ले से 537 रन निकले थे। उन्होंने दो शतक और तीन अर्धशतक लगाए। 131 रन मार्श का उच्चतम स्कोर रहा। भारत के खिलाफ उन्हें तीन टी20 मैचों में खेलने का भी मौका मिला। इस दौरान वह सिर्फ 32 रन ही बना सके। उनका स्ट्राइक रेट भी 100 से नीचे 86.48 का रहा।