नई दिल्ली (एजेंसी)। त्रिपुरा की सभी 60 विधानसभा सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं। इस बार चुनाव में इन 60 सीटों पर 259 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा के 55 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। बाकी पांच सीटें भाजपा ने सहयोगी आईपीएफटी के लिए छोड़ी हैं। कांग्रेस और सीपीआई (एम) का गठबंधन हुआ है। इसके तहत सीपीआई (एम) 43 और कांग्रेस 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। एक सीट पर निर्दलीय को समर्थन दिया है। वहीं, एक-एक सीट पर लेफ्ट की बाकी पार्टियां चुनाव लड़ेंगी।
त्रिपुरा के राजशाही परिवार से ताल्लुक रखने वाले प्रद्योत बिक्रम की नई पार्टी टिपरा मोथा भी इस बार चुनावी मैदान में है। टिपरा मोथा ने 42 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। ममता बनर्जी की टीएमसी 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा 58 उम्मीदवार निर्दलीय ताल ठोक रहे हैं। ऐसे में नॉर्थ ईस्ट के इस छोटे से राज्य का चुनाव काफी रोचक हो गया है।
अब चुनाव में आधी आबादी की भूमिका भी देख लेते हैं। त्रिपुरा में कुल 28.13 लाख वोटर्स हैं। इनमें 13 लाख 98 हजार 825 महिलाएं हैं और 14 लाख 14 हजार 576 पुरुष हैं। मतलब महिला वोटर्स की संख्या करीब-करीब पुरुषों के बराबर ही है। हालांकि, महिलाओं को टिकट देने के मामले में जरूर राजनीतिक पार्टियां पीछे रहीं। 259 में से केवल 30 प्रत्याशी महिलाएं हैं। राजनीतिक पार्टियों ने तो काफी कम महिलाओं को टिकट दिया है।
भाजपा ने सबसे ज्यादा महिलाओं को दिया टिकट
सबसे ज्यादा भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं को टिकट दिया है। आइए जानते हैं किस पार्टी से कितनी महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं?