कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक शख्स ने पत्नी से विवाद के बाद अपनी दो साल की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। शख्स ने अपनी मासूम बच्ची को जमीन पर पटक-पटककर मार डाला। यही नहीं हैवान बने शख्स ने अपनी पत्नी पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। पत्नी को गंभीर हालत में रायपुर के मेकाहरा में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कांकेर के कच्चे चौकी क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार साल्हे गांव निवासी नंदकुमार बढई मजदूरी करता है। वह गांव में अपनी पत्नी संगीता व दो साल की बच्ची तृषा के साथ रहता है। रविवार रात को खाना खाने के बाद दोनों आपस मे बातचीत कर रहे थे। बातचीत के दौरान अचानक दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इस दौरान उसकी बच्ची सोई हुई थी। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि नंदकुमार ने अपनी बच्ची को उठाकर जमीन पर पटक दिया। जिससे बच्ची की मौत हो गई। वहीं विरोध करने पर पत्नी पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर पास पड़ोस के लोग घर पर पहुंचे। घर का नजारा देख वे हैरान रह गए। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी नंदकुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसकी घायल पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांकेर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल है और उसे रायपुर के मेकाहारा रेफर किया गया है। वहीं आरोपी नंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।