श्रीकंचनपथ डेस्क। लोगों की सुरक्षा करने वाली पुलिस को भी सुरक्षा की जरूरत पड़े तो क्या कहेंगे। पुलिस को यहां इंसानों से नहीं बल्कि बंदरों से खतरा है। हम बात कर रहे हैं केरल के इडुक्की की। यहां के एक पुलिस थाने में बंदरों इस कदर कोहराम मचा रखा है कि उनसे बचने के लिए पुलिस ने एक यूनिक तरीका निकाला। पुलिस ने बंदरों से बचने के लिए आर्टिफिशियल सांप थाने इंट्रेंस व आसपास लगा दिया।
दरअसल केरल-तमिलनाडु सीमा पर स्थित कंबुमेट्टू पुलिस थाने में बंदरों का आतंक है। यहां पर थाने में बंदर कभी घुस जाते हैं और पुलिस कर्मियों को परेशान करते हैं। इनसे बचने के लिए पुलिस ने असली दिखने वाले नकली सांपों का सहारा लिया। पुलिस थाने के आसपास रबर के बिलकुल असली दिखने वाले सांप रखे गए। पुलिस का यह तरीका कारगर भी साबित हुआ।
किसान ने बताया था तरीका
पुलिस को यह तरीका यहां के एक किसान ने बताया था। किसान ने पुलिसकर्मियों को सलाह दी कि असली दिखने वाले सांपों की तरह दिखने वाले नकली सांपों का इस्तेमाल करें। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने आसपास पेड़ों पर नकली सांप ऐसे लटकाए कि वे असली की तरह दिखे। इसके कारण अब बंदर थाने के आसपास सांपों के डर से नहीं पहुंच रहे हैं। पुलिस कर्मी अब बंदरों की शरारतों से निजात पा चुके हैं। पुलिस कर्मियों का कहना है कि अब पहले की तरह बंदर आते तो हैं लेकिन सांपों को देखकर भाग जाते हैं।